- भीड़ ने एक किलोमीटर तक पीछा कर चालक को पकड़ा
- ट्रोला रोकने के लिए लोगों ने किया पथराव
: सिकंदरा-बोदला रोड पर बुधवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रोला ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रोला रोकने की बजाय बाइक सवार को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना स्थित लाल मस्जिद के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक ट्रोला के नीचे फंस गई थी, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रोला का पीछा शुरू कर दिया। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बावजूद जब चालक ने वाहन नहीं रोका तो गुस्साए लोगों ने ट्रोला पर पथराव कर दिया, जिससे उसका शीशा टूट गया।
लोगों ने आखिरकार कारगिल चौराहे के पास ट्रोला चालक को वाहन सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची ने ट्रोला को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शी मेंहदी हसन का कहना है कि यदि चालक हादसे के बाद ट्रोला रोक देता तो संभवतः युवक की जान बच सकती थी। पुलिस ने मृतक की पहचान सुरमीत सिंह बेदी निवासी आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-4 के रूप में की है। वहीं गिरफ्तार चालक ने अपना नाम निरंजन निवासी नगला हंसराज, जगनेर बताया है।
इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
