आगरा में बिना अनुमति और जरूरी सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे पांच वॉटर पार्कों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट ने लोक सुरक्षा को देखते हुए इन वॉटर पार्कों के संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
जिन वॉटर पार्कों पर रोक लगाई गई है, उनमें काका चौधरी वाटर पार्क (फतेहपुर सीकरी), केजी वाटर पार्क (जहांगीरपुर), रिमझिम वाटर पार्क (अंसल टाउन, बरौली अहीर), रेनबो वाटर पार्क (मिढाकुर) और प्रकाश वाटर पार्क (टेढ़ी बगिया) शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार ये वॉटर पार्क जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना संचालित किए जा रहे थे। साथ ही इनके पास अग्निशमन, विद्युत, फिटनेस, जीएसटी समेत अन्य जरूरी विभागों की अनापत्ति और प्रमाणपत्र भी नहीं थे।
जिला प्रशासन ने बताया कि बिना अनुमति व सुरक्षा मानकों के वॉटर पार्क चलाना नियमों का उल्लंघन है। इसी कारण लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी पांचों वॉटर पार्कों के संचालन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई है।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
