आगरा। बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर, सीएनजी, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा गुरुवार को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध जताया।
समाजवादी पार्टी ने गुरुवार सुबह 10 बजे सुभाष पार्क से कलक्ट्रेट तक मार्च निकालने की घोषणा की थी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क था। सुबह से ही सपा कार्यकर्ता जीवनी मंडी स्थित शब्बीर अब्बास के पेट्रोल पंप पर जुटने लगे थे।
इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महानगर अध्यक्ष को नजरबंद करने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध किए जाने पर पुलिस शब्बीर अब्बास को अपने साथ थाना छत्ता ले गई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
उधर, सुभाष पार्क पर भी सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का जुटना शुरू हो गया। कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाह के पहुंचने का इंतजार करते रहे। पार्टी नेताओं का कहना है कि महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था, लेकिन पुलिस ने लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं। शहर में कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
