गर्मी में हैवी वर्कआउट पड़ सकता है भारी, जिम जाने वाले रखें खास ध्यान

Follow on WhatsApp

  • 47 डिग्री तापमान में बढ़ा हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा – एक्सपर्ट बोले, सही समय और संतुलित डाइट के साथ करें वर्कआउट
    आगरा:-  सूरज इन दिनों आसमान से आग बरसा रहा है। तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने से लोग बेहाल हैं। भीषण गर्मी अच्छे-अच्छों के पसीने छुड़ा रही है। ऐसे मौसम में फिटनेस और अच्छी बॉडी बनाने के लिए घंटों जिम में पसीना बहाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में गलत तरीके से किया गया हैवी वर्कआउट शरीर को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान भी पहुंचा सकता है।
    फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मी में हैवी वर्कआउट, वेटलिफ्टिंग और फास्ट कार्डियो करने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है। इससे हीट स्ट्रोक, चक्कर आना, कमजोरी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ज्यादा पसीना निकलने से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी हो सकती है।
    एनीटाइम जिम के कोच अरुण कुमार ने बताया कि इस समय गर्मी अपने चरम पर है। ऐसे में लोगों को बिना कोच की सलाह के हैवी वर्कआउट करने से बचना चाहिए। कई लोग लंबे समय तक लगातार एक्सरसाइज करते रहते हैं, जिससे शरीर में कमजोरी, थकान और चक्कर आने की संभावना बढ़ जाती है। कई बार सही डाइट न लेने से भी शरीर पर बुरा असर पड़ता है।
    उन्होंने कहा कि गर्मियों में जिम जाने का सही समय और सही एक्सरसाइज चुनना बेहद जरूरी है। सुबह और शाम के समय हल्का व संतुलित वर्कआउट शरीर के लिए बेहतर रहता है।
    डाइटिशियन का कहना है कि गर्मी के मौसम में वर्कआउट करने वालों को अपनी डाइट में भी बदलाव करना चाहिए। ज्यादा पसीना निकलने से शरीर जल्दी डिहाइड्रेट होता है। वहीं प्रोटीन का सेवन करने वालों को शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। इसके लिए डाइट में पानी से भरपूर फल और तरल पदार्थ शामिल करना जरूरी है।
    इन बातों का रखें विशेष ध्यान
    गर्मियों में वर्कआउट का सही समय सुबह 5 से 8 बजे या शाम 6 बजे के बाद होता है।
    इस समय तापमान कम रहता है, जिससे शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता।
    दोपहर में वर्कआउट करने से बचें, क्योंकि इस दौरान हीट स्ट्रेस और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
    वर्कआउट का समय 30 से 40 मिनट तक सीमित रखें।
    लगातार एक्सरसाइज न करें, बीच-बीच में आराम करें और पानी पीते रहें।
    जिम जाते समय हल्के, ढीले और आरामदायक कपड़े पहनें।
    वर्कआउट के तुरंत बाद बहुत ठंडा पानी न पिएं और न ही तुरंत ठंडे पानी से नहाएं।
    डाइट में ओट्स, दलिया, मौसमी फल, दही, छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी, इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक और प्रोटीन ड्रिंक शामिल करें।
    विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में फिटनेस के साथ शरीर को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी आपको स्वस्थ और फिट बनाए रख सकती है।

Leave a Comment