आगरा: एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात ट्रेवल्स व्यापारी पर आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल को पुलिस ने उपचार के लिए भेजा है।
गढ़ी संपत निवासी शिवम ट्रेवल्स कारोबार से जुड़े हैं। बताया गया है कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह कुबेरपुर क्षेत्र में एक दुकान पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे सात-आठ हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई।
हमले में शिवम घायल हो गए। इस बीच बाइक से भाग रहे हमलावरों का कार सवार लोगों ने पीछा किया, लेकिन वह भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिवम को उपचार के लिए भेजा। पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
