आगरा के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने एत्मादपुर ब्लॉक के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय मुखबार और पीएम श्री विद्यालय खेड़ी अड़ु का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्कूलों में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था में कमियां मिलीं, जिन्हें जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
मुखबार विद्यालय में 169 पंजीकृत छात्रों के मुकाबले 105 छात्र उपस्थित मिले। स्कूल में 9 शिक्षक तैनात हैं। निरीक्षण के समय दो शिक्षामित्र अवकाश पर थीं, जबकि एक सहायक अध्यापक लंबे समय से अनुपस्थित पाए गए। प्रधानाध्यापक ने बताया कि संबंधित शिक्षक मई 2018 से विद्यालय नहीं आ रहे हैं और उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई चल रही है।
सीडीओ ने विद्यालय परिसर और शौचालयों की सफाई संतोषजनक न मिलने पर ग्राम पंचायत सचिव और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही बंद पड़े आरओ को ठीक कराकर छात्रों के लिए पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
खेड़ी अड़ु विद्यालय में भी पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। दोनों विद्यालयों में पीएम श्री योजना के तहत मिली धनराशि का नियमानुसार उपयोग करने और खरीदे गए सामान का स्टॉक रजिस्टर में सही तरीके से रिकॉर्ड दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
