यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा नजदीक आते ही छात्र-छात्राएं रिवीजन में जुटे हुए हैं, लेकिन कई ऐसे विद्यार्थी भी हैं जो किसी कारणवश पूरे साल पढ़ाई नहीं कर पाए और अब परीक्षा को लेकर तनाव में हैं।
ऐसे विद्यार्थियों की मदद के लिए आगरा मंडल स्तर पर एक सराहनीय पहल की गई है। उत्तर प्रदेश बोर्ड 2026 की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘रैपिड रिवीजन रेल’ योजना शुरू की गई है।
संयुक्त शिक्षा मंडल अधिकारी मुकेश अग्रवाल ने बताया कि यह पहल खास तौर पर उन छात्रों के लिए तैयार की गई है, जो कम समय में परीक्षा की बेहतर तैयारी करना चाहते हैं। इस योजना के अंतर्गत विशेष शिक्षकों द्वारा ऐसा सिलेबस और नोट्स तैयार किए गए हैं, जिससे छात्र कम समय में पूरे पाठ्यक्रम का रिवीजन कर सकें और अच्छे अंक प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि रैपिड रिवीजन रेल के माध्यम से छात्रों को निशुल्क पीडीएफ नोट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिन्हें स्कूलों के ग्रुप और संबंधित विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा चुका है।
इस पहल से परीक्षा से पहले तनाव में चल रहे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।