अमेरिकी राष्ट्रपति के बेटे जूनियर डोनाल्ड ट्रंप आज आगरा पहुंचे। वे अपने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे थे। करीब 45 मिनट तक उन्होंने ताजमहल परिसर में समय बिताया और दुनिया-प्रसिद्ध डायना टेबल के सामने फोटोशूट कराया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। विदेशी सैलानियों ने ट्रंप जूनियर को देखकर उत्साह जताया और कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली। सुरक्षा कारणों से आम पर्यटकों को कुछ देर के लिए ताजमहल में प्रवेश रोक दिया गया।
आपको बता दें कि 6 साल पहले डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी और बेटी के साथ ताजमहल आए थे, जहां उन्होंने ताजमहल की खूबसूरती की जमकर तारीफ की थी। अब उनके बेटे भी ताजमहल की अद्भुत सुंदरता से मोहित नजर आए।
जूनियर ट्रंप भारत में उदयपुर में होने वाली एक शाही शादी में शामिल होने आए हैं और इस दौरान तीन दिन राजस्थान में रुकने वाले हैं। इसी यात्रा कार्यक्रम में आज वे आगरा आए। उनकी सुरक्षा के लिए आगरा पुलिस और विभिन्न एजेंसियों ने पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए थे। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने भी आगरा में डेरा डालकर सुरक्षा बंदोबस्तों पर नजर रखी।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
