आगरा। ताजमहल में आज खास मेहमानों का आगमन होने वाला है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर परिवार सहित ताजमहल देखने आ रहे हैं। उनकी वीआईपी विज़िट को देखते हुए पूरा प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

जानकारी के अनुसार, ट्रंप जूनियर का विशेष विमान आज दोपहर 1:30 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। इसके बाद वे सीधे परिवार के साथ ताजमहल पहुंचेंगे, जहां आज दो बजे शाही स्मारक का दीदार करेंगे। यह पहला मौका होगा जब ट्रंप जूनियर ताजमहल का भ्रमण करेंगे।
वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए फतेहाबाद रोड और ताजमहल जोन में सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सुबह से ही मुस्तैद हैं। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी भी आगरा पहुंच चुके हैं और सभी व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
ट्रंप जूनियर के साथ आने वाले 40 देशों के 126 विशेष मेहमान भी ताजमहल का दीदार करेंगे। शहर में जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की गई हैं और पर्यटन स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया है।
आगरा प्रशासन का कहना है कि वीआईपी विज़िट के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ताजमहल परिसर और आसपास का इलाका पूरी तरह सुरक्षा कवच में रहेगा।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
