आगरा: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में एक और प्रोफेसर पर छात्राओं का शोषण का आरोप, अकेले में शराब पीने को छात्राओं पर बनाता था दबाव !

Follow on WhatsApp

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में एक और प्रोफेसर पर छात्राओं के यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान में गेस्ट लेक्चरर के तौर पर कार्यरत प्रोफेसर पर बीए और एमए की दो छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रोफेसर का कॉन्ट्रैक्ट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया और मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी।

छात्राओं का आरोप: शराब पीने के लिए बुलाता था


छात्राओं का आरोप है कि प्रोफेसर पहले बीए की छात्रा से नजदीकियां बढ़ाने लगा। फिर उसने एमए की छात्रा से भी इसी तरह संपर्क बढ़ाया। प्रोफेसर छात्राओं को मैसेज कर बुलाता था और कहता था— “मैं शराब पी रहा हूं, तुम भी मेरे साथ आकर पी लो।”
बीए की छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर ने लालच देते हुए कहा— “मैं यहां परमानेंट हूं, तुम्हारे सारे काम करवा दूंगा।”

एचओडी ने कही गंभीर बात, तीन दिन में रिपोर्ट
विभाग के एचओडी डॉ. मनोज राठौर के अनुसार, न सिर्फ छात्राओं बल्कि अन्य छात्रों ने भी प्रोफेसर के अनुचित व्यवहार की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शारीरिक शोषण के पहलू की जांच समिति जांच कर रही है। तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी, जिसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुका है बड़ा मामला
गौरतलब है कि इससे पहले विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रो. गौतम जैसवार पर शोध छात्रा ने दो साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है और वे फिलहाल जेल में हैं।

मामले ने विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों में हड़कंप मचा दिया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Leave a Comment