डॉ. हेडगेवार की देशभक्ति को याद करना जरूरी है, वे देश की आज़ादी के लिए क्रांतिकारी बने :- सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले

Follow on WhatsApp

आगरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 14 नवम्बर 2025 को संस्कृति भवन, ललित कला संस्थान में एक प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संघ को समझने के लिए उसके संस्थापक डॉ. हेडगेवार की देशभक्ति को याद करना जरूरी है। वे देश की आज़ादी के लिए क्रांतिकारी बने और स्वतंत्रता के बाद समाज को सही दिशा देने का संकल्प लिया।

होसबाले ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष कोई संगठन का उत्सव नहीं, बल्कि समाज की एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक राष्ट्रभक्ति की भावना पहुँचाना ही आने वाले समय का लक्ष्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर संघ नहीं होता, तो कई राष्ट्रीय कार्य कठिन हो जाते। इसके उदाहरण के रूप में उन्होंने कन्याकुमारी विवेकानंद स्मारक, अयोध्या राम मंदिर और अमरनाथ यात्रा का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि संघ का काम व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है, और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से ही भारत विश्वगुरु बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र सेवा में बलिदान देने वालों में सेना और पुलिस के बाद संघ स्वयंसेवकों का बड़ा योगदान रहा है।

गोष्ठी में आगरा के प्रमुख व्यवसायी, शिक्षाविद्, डॉक्टर, वकील, वैज्ञानिक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता, इन्फ्लुएंसर तथा मातृशक्ति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इस मौके पर संघ की ओर से विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सेवा कार्यों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले, अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश, क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र, अखिल भारतीय गौ संयोजक अजीत महापात्र सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार और प्रमोद चौहान ने किया। गोष्ठी की शुरुआत वंदेमातरम और समापन राष्ट्रगान से हुआ।

Leave a Comment