महिला वर्ल्ड कप में भारत को जीत दिलाने वाली आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा आज अपने गृह नगर आगरा पहुंचीं। उनके आगमन पर शहरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
सिकंदरा स्थित कैलाशपुरी मोड़ से दीप्ति शर्मा का रोड शो शुरू हुआ। सड़कों को गुब्बारों, बैनरों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था। जगह-जगह बैंड-बाजे की धुन पर नाचते लोग और स्कूल के बच्चे तख्तियां लहराते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
दीप्ति के स्वागत में सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े रहे और उन पर फूलों की वर्षा की। दीप्ति को देखने और सेल्फी लेने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह रहा। उनका काफिला जब घर पहुंचा तो वहां पहले से ही हजारों की भीड़ जमा थी, जो “भारत माता की जय” और “दीप्ति शर्मा जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठी।
दीप्ति की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही। रोड शो मार्ग पर 150 पुलिसकर्मी, जिनमें महिला पुलिस बल भी शामिल था, तैनात किए गए थे। किसी भी वाहन को बिना अनुमति रोड शो मार्ग पर प्रवेश नहीं दिया गया।
आगरा की इस बेटी ने न केवल क्रिकेट के मैदान में भारत का नाम रोशन किया है, बल्कि आज अपने शहर में लौटकर हर आगरावासी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
प्रशांत राजा एक युवा और ऊर्जावान डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय खबरों को जनता की आवाज़ में बदलने का जुनून रखते हैं। वे agravoice.in के लिए लेखन और संपादन दोनों का कार्य संभालते हैं। आगरा और उत्तर प्रदेश की ज़मीनी खबरों को आम लोगों तक पहुँचाना उनका मुख्य उद्देश्य है।
संपर्क करें: contact@agravoice.in
