हेडिंग : पारस पल्स मॉल में ‘गोदान’ मूवी का पहला शो रिलीज, बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शक

Follow on WhatsApp


आगरा। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, दीनदयाल धाम फरह की ओर से शुक्रवार को पारस पल्स मॉल में गाय पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ का पहला शो रिलीज किया गया। पहले शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मॉल पहुंचे।
फिल्म की शुरुआत से पहले गौमाता की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्वलन किया गया, जिसमें संघ के कई अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर ब्रज प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया कि भारतीय कामधेनु गौशाला समिति के माध्यम से इस फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है और देशभर के 140 से अधिक मल्टीप्लेक्स में यह फिल्म दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में गाय को केवल एक पशु नहीं, बल्कि गौमाता के रूप में पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौमाता पवित्रता, ममता और समृद्धि की सजीव प्रतीक हैं तथा भारतीय जीवनशैली की आत्मा से जुड़ी हुई हैं।


उन्होंने बताया कि हिंदू मान्यताओं के अनुसार गौमाता में 33 करोड़ देवताओं का वास माना गया है। वेदों और पुराणों में गाय की महिमा का विस्तृत वर्णन मिलता है और गोवर्धन पूजा जैसे पर्वों पर गौमाता की विशेष आराधना की जाती है।
पारस पल्स मॉल के संचालक मुकेश जैन ने बताया कि रोजाना फिल्म के तीन शो सुबह 8:45 बजे, 9 बजे और शाम 5 बजे चलाए जाएंगे। फिल्म की अवधि करीब दो घंटे की है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे परिवार और छोटे बच्चों के साथ यह फिल्म देखने आएं, ताकि बच्चे गौमाता के महत्व को समझ सकें।
कार्यक्रम में मौजूद नितिन बहल ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में गाय का दूध, दही और घी अमूल्य पोषण प्रदान करते हैं, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं। वहीं गाय का गोबर और गौमूत्र जैविक खेती के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, जो पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं बीना लवानिया ने कहा कि गाय ग्रामीण जीवन और भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है तथा यह अहिंसा, करुणा और निःस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण के माध्यम से ही हमारी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों को सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Comment