आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र अंतर्गत सोंठ की मंडी में मंगलवार रात रबर के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। चंद ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम से धधकती हुई लपटें आसमान छूने लगीं। स्थानीय लोगों ने आग देखकर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही हरीपर्वत थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। फायर कर्मी लगातार पानी की बौछारें मारकर आग को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं।
मोहम्मद फारूक की बताई जा रही है फैक्ट्री
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस रबर फैक्ट्री में आग लगी है, वह मोहम्मद फारूक नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। वहीं घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसके चलते पुलिस को भीड़ नियंत्रण में भी खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी के अनुसार आग पर जल्द काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।
हर्ष शर्मा आगरा से एक युवा डिजिटल पत्रकार हैं, जो स्थानीय ख़बरों को सरल और सटीक तरीके से लोगों तक पहुँचाने का काम करते हैं। उनका फोकस ग्राउंड-रिपोर्टिंग, फैक्ट-चेकिंग और शहर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट को तेज़ी से पाठकों तक पहुँचाना है।
